टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। वाहन चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीकमगढ़ पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध अनगढ़ा बाईपास के पास चोरी की मोटरसाइकिलें बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा और पूछताछ की। आरोपियों के कब्जे से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें, एक नंबर प्लेट तथा बाइक खोलने और काटने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई। बरामद मशरूके की कुल कीमत करीब 3 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।


जांच में सामने आया कि बरामद वाहनों में दो मोटरसाइकिलें टीकमगढ़ कोतवाली क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित हैं, जबकि सात मोटरसाइकिलें टीकमगढ़ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के झांसी और महरौनी क्षेत्र से चोरी की गई थीं। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, एसडीओपी राहुल कटरे तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि भूषण पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में वाहन चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।