मैहर/अमरपाटन, नरेन्द्र कुशवाहा। मैहर जिले के अमरपाटन में फीस जमा नहीं होने को लेकर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामला अमरपाटन थाना पहुंचने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की सुनवाई की और विद्यालय के डायरेक्टर सहित एक कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, अमरपाटन के बाल भारती विद्यालय में कक्षा 10वीं में पढ़ने वाले छात्र की फीस जमा नहीं होने के कारण उसे परीक्षा में बैठने से रोका जा रहा था। छात्र अपनी बात रखने के लिए विद्यालय के डायरेक्टर के पास पहुंचा। आरोप है कि इसी दौरान विवाद बढ़ गया और डायरेक्टर ने छात्र के साथ मारपीट कर दी।

छात्र पक्ष का आरोप है कि इस दौरान उसकी मां और भाई के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष अमरपाटन थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी। इसके बाद विद्यालय के डायरेक्टर और एक कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। फीस को लेकर शुरू हुआ विवाद अब कानून तक पहुंच चुका है। वहीं, घटना ने स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ व्यवहार और फीस के मुद्दे पर शिक्षा संस्थानों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और छात्र के साथ कथित मारपीट की घटना में आगे क्या कार्रवाई होती है।