राजकोट। भारत की अंडर-19 टीम ने बुधवार को निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की। इसी के साथ मेजबान टीम ने अनाधिकारिक सीरीज में 3-0 से 'क्लीन स्वीप' कर लिया है।भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच 7 रन से जीता था। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में 30-30 ओवरों की कटौती हुई थी। इसके बाद भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज का दूसरा मैच 103 रन से अपने नाम किया। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया खेमे के पास अंतिम मैच जीतकर सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन मेहमान टीम इसमें नाकाम रही।
बुधवार को खेले गए इस मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीम 49.3 ओवरों में 254 रन पर सिमट गई। जेड हॉलिक ने चार्ली हेंडरसन (18) के साथ पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े, जिसके बाद हॉलिक ने नील पटेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 62 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। हॉलिक 88 गेंदों में 87 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 12 चौके शामिल रहे।
टीम ने 126 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे। यहां से नील पटेल ने मैथ्यू लॉफ के साथ 26 रन और ब्लेक कैटल के साथ 44 रन की साझेदारी करते हुए टीम को दोहरे शतक के करीब पहुंचाया।
नील पटेल 71 गेंदों में 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद कैटल ने 38 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। भारत की तरफ से मोहित उल्वा और मनल चौहान को 3-3 सफलताएं हाथ लगीं, जबकि काव्य पटेल और आर्यन सवसाणी ने 1-1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में भारत की अंडर-19 टीम ने 41.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान लक्ष्य रैचंदानी ने आर्यवीर सहवाग के साथ पहले विकेट के लिए 58 रन जोड़े। आर्यवीर 31 गेंदों में 5 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुए। कुछ देर बाद टीम ने वीके विनीत (10) का विकेट भी गंवा दिया।
मेजबान टीम ने 89 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद कप्तान लक्ष्य ने कुशाग्र ओझा के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 गेंदों में 85 रन जुटाकर टीम को 174 रन तक पहुंचा दिया। कुशाग्र 53 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टीम के खाते में सिर्फ एक ही जुड़ा था कि अर्जुन राजपूत (0) भी अपना विकेट गंवा बैठे।
भारतीय टीम को 175 के स्कोर तक चौथा झटका लग गया था, जिसके बाद लक्ष्य ने रजत बघेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 57 गेंदों में 80 रन की अटूट साझेदारी करते हुए भारतीय टीम को आसान जीत दिलाई। लक्ष्य 106 गेंदों में 3 छक्कों और 9 चौकों के साथ 110 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रजत ने 34 गेंदो में 7 बाउंड्री के साथ 44 रन की नाबाद पारी खेली। मेहमान टीम से स्पेंसर ग्रीन ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए, जबकि विल बायरम और जेकब पीट्ज ने 1-1 विकेट चटकाया।
अब दोनों टीमें 27 सितंबर से 2 टेस्ट मुकाबलों की अनाधिकारिक सीरीज खेलंगी। यह मैच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ही खेले जाने हैं।












