सोल। दक्षिण कोरिया के सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को मुख्य विपक्षी पीपुल पावर पार्टी (पीपीपी) के सांसद और पूर्व फ्लोर लीडर क्वोन सियोंग-डोंग को यूनिफिकेशन चर्च से अवैध धन स्वीकार करने के मामले में सुनाई गई दो साल की जेल की सजा बरकरार रखी। इसके साथ ही उनकी संसद सदस्यता समाप्त हो गई।

शीर्ष अदालत ने निचली अपीलीय अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें उन्हें 'पोलिटिकल फंड्स एक्ट' का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया था। अदालत के अनुसार, क्वोन ने जनवरी 2022 में चर्च के एक अधिकारी से 10 करोड़ वॉन (लगभग 67,300 अमेरिकी डॉलर) स्वीकार किए थे। यह अधिकारी तत्कालीन राष्ट्रपति यून सुक-योल के प्रशासन से अपने हितों को साधने की कोशिश कर रहा था।

अदालत ने कहा कि उसे अपीलीय अदालत के फैसले में कोई कानूनी त्रुटि नहीं मिली। इसके साथ ही क्वोन से 10 करोड़ वॉन की जब्ती (फॉरफीचर) के आदेश को भी बरकरार रखा गया।

दक्षिण कोरिया में राजनीतिक कोष कानून के उल्लंघन पर यदि किसी सांसद को अंतिम रूप से 10 लाख वॉन या उससे अधिक का जुर्माना या उससे अधिक सजा मिलती है, तो उसकी नेशनल असेंबली की सदस्यता समाप्त हो जाती है।

क्वोन ने एक बयान में कहा कि वह अंतिम फैसले को स्वीकार करते हैं, लेकिन उन्होंने "राजनीतिक प्रतिशोध" बताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की।

यह फैसला सुप्रीम कोर्ट द्वारा पिछले सप्ताह यून यंग-हो के खिलाफ दोषसिद्धि को अंतिम रूप दिए जाने के बाद आया है। यून यंग-हो वही चर्च अधिकारी हैं, जिन पर क्वोन को 10 करोड़ वॉन देने सहित कई आरोप लगाए गए थे।

पांच बार सांसद रह चुके क्वोन, जिन्हें कभी राष्ट्रपति यून सुक-योल के करीबी सहयोगियों में गिना जाता था, ने दावा किया था कि उन्होंने चर्च अधिकारी से केवल भोजन के दौरान मुलाकात की थी और कोई धनराशि स्वीकार नहीं की थी।

हालांकि, सोल हाई कोर्ट ने विशेष अभियोजक मिन जोंग-की की टीम की ओर से पेश किए गए सबूतों का हवाला देते हुए इस दावे को खारिज कर दिया था।

अपीलीय अदालत ने क्वोन के उस तर्क को भी खारिज कर दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूर्व प्रथम महिला किम क्योन-ही (यून सुक-योल की पत्नी) से जुड़े भ्रष्टाचार आरोपों की जांच के लिए नियुक्त विशेष अभियोजक मिन के अधिकार क्षेत्र में उनका मामला शामिल नहीं था।

क्वोन जून 2025 तक पीपीपी के संसदीय दल के नेता (फ्लोर लीडर) रहे। उन्हें सितंबर में गिरफ्तार किया गया था, और नवंबर में उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया।

विशेष अभियोजक मिन की टीम ने क्वोन के लिए चार साल की जेल की सजा और 10 करोड़ वॉन की जब्ती की मांग की थी।