छतरपुर, शिवम सोनी। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक पारिवारिक विवाद उस समय हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब दूसरी शादी करने का दावा करने वाली एक महिला अपने पति के साथ सुरक्षा की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि उसने 28 जून 2026 को कदारी निवासी करन अहिरवार से कोर्ट मैरिज के बाद रीति-रिवाज से विवाह किया है। इसके बाद से मायके पक्ष के लोग लगातार जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। महिला ने एसपी को आवेदन देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।


महिला ने अपने आवेदन में बताया कि उसकी बड़ी बहन अपने दो बच्चों को छोड़कर चली गई थी, जिनकी देखभाल परिवार के साथ उसने भी की। अब उसकी बहन, मां और अन्य परिजन उन बच्चों को उसका बताकर जबरन जिम्मेदारी सौंपने का दबाव बना रहे हैं। महिला का आरोप है कि 2 जुलाई को परिजन एक बच्ची को उसके घर छोड़ गए और उसे उसकी बेटी बताते हुए चले गए।


वहीं, महिला के मायके पक्ष ने एसपी कार्यालय पहुंचकर महिला के आरोपों को निराधार बताया। महिला की बहन गीता अहिरवार ने दावा किया कि सोनिया पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उनका कहना है कि सोनिया अप्रैल माह में घर छोड़कर चली गई थी और बाद में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी दूसरी शादी की जानकारी मिली। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला अब अपने बच्चों को अपनाने से इनकार कर रही है।


दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से एसपी कार्यालय परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इसी दौरान मायके पक्ष के साथ मौजूद महिला की नानी ने कथित रूप से बच्चों की ओर पत्थर फेंकने का प्रयास किया, जिसे मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल रोक दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर सिविल लाइन थाना भेज दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हो गए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।