छतरपुर, संदीप यादव। ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कैडी में रविवार दोपहर करीब 12 बजे खेत में बुवाई को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जिला अस्पताल में कराया गया, जबकि दोनों पक्षों ने ओरछा रोड थाने में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।


पहले पक्ष के अनुसार, भजनलाल कुशवाहा (40), उनके पिता बिहारी कुशवाहा (70) तथा बाबू कुशवाहा (29) सहित परिवार के सदस्य खेत में बुवाई कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान परिवार के ही गोविंददास, तुलसीदास, कमलेश तथा तीन अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें परिवार के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन गंभीर घायलों का मेडिकल जिला अस्पताल में कराया है।


वहीं दूसरे पक्ष के गोविंददास कुशवाहा ने बताया कि वह किराए का ट्रैक्टर लेकर खेत में बुवाई कराने पहुंचे थे। उनका कहना है कि पहले भतीजे ने खेत जुताई कराने की बात कही, जिसे उन्होंने मान लिया। बाद में जब उन्होंने अपनी बुवाई शुरू कराई तो भतीजा गाली-गलौज करने लगा और तीनों भतीजों नंदू कुशवाहा, बाबूलाल कुशवाहा तथा भजन कुशवाहा ने उनके एवं उनकी पत्नी भगुन्ती कुशवाहा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर दी। इसके बाद उन्होंने ओरछा रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। ओरछा रोड थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।