टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। टीकमगढ़ शहर के प्रमुख और व्यस्त नजरबाग क्षेत्र में आवागमन को सुगम व सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार ‘पप्पू’ मलिक की विशेष पहल पर नजरबाग इलाके में करीब 39 लाख की लागत से सीसी सड़क एवं पेवर्स निर्माण का कार्य विधिवत शुरू करा दिया गया है। कार्य प्रारंभ होने के साथ ही नपा अध्यक्ष ने स्वयं मौके पर पहुंचकर चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नपा अध्यक्ष ने निर्माण एजेंसी और ठेकेदार को दो टूक निर्देश दिए कि सड़क व पेवर्स निर्माण में गुणवत्ता और तय तकनीकी मापदंडों का अक्षरशः पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर घटिया सामग्री या लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि नजरबाग क्षेत्र में ऐतिहासिक मंदिर और दरगाह दोनों प्रमुख धार्मिक स्थल मौजूद हैं, जिसके चलते यहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, जायरीन और स्थानीय नागरिक पहुंचते हैं। सड़क के जर्जर होने से लंबे समय से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस निर्माण कार्य के पूर्ण होने से मंदिर-दरगाह आने-जाने वालों सहित स्थानीय रहवासियों को कीचड़ और गड्ढों से निजात मिलेगी।
नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक ने कहा कि पूरे शहर में जनहित से जुड़े सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे मूलभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।












