छतरपुर, संजय अवस्थी। तहसील छतरपुर के ग्राम देरी से पठापुर को जोडऩे वाले प्रधानमंत्री सड़क मार्ग पर दबंग भूस्वामियों द्वारा अवैध कब्जा कर रास्ता बंद कर देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम देरी के निवासियों ने छतरपुर कलेक्टर को एक आवेदन देकर भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने और बंद पड़े रास्ते को पुन: चालू करवाने की गुहार लगाई है।


ग्राम देरी के सरपंच योगेन्द्र अहिरवार, ग्रामीण दौलत सिंह, कुसम ने आवेदन देते हुए बताया कि देरी से पठापुर जाने वाला यह मार्ग बीते 100 वर्षों से अधिक समय से रूढिग़त रास्ते के रूप में इस्तेमाल होता रहा है। इसी रास्ते से ग्राम देरी, कालापानी, धौरी, परा और नदगाँव कलाँ के ग्रामीणों का लगातार आवागमन होता है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रतन सिंह, आनंद सिंह, शिवराज सिंह और खलक सिंह ने अपनी जमीन से सटे सड़क के हिस्से को जोतकर मार्ग को पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया है।


मार्ग बंद होने के कारण गाँव के आम लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों को हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग के अलावा उनके पास आवागमन का कोई अन्य वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध नहीं है। परेशान ग्रामीणों ने कलेक्टर से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भूमाफियाओं के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्यवाही करने तथा आम रास्ते को अविलंब दोबारा शुरू करवाने का आग्रह किया है।


इस मामले में नायब तहसीलदार रामनरेश गौतम ने कहा कि ग्रामवासियों द्वारा एक आवेदन प्रस्तुत किया गया है। जिसमें देरी से पठापुर जाने वाले मार्ग को कुछ लोगों ने बंद कर दिया है जिसकी जांच कराई जाएगी और रास्ता सरकारी होगा तो कार्रवाही की जाएगी।