नई दिल्ली। आगामी सिंगापुर चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए दीपक यादव, चैतन्य पांडे और रणवीर मित्रू का चयन हुआ है। शनिवार को इन तीन युवा गोल्फरों के लिए दिल्ली गोल्फ क्लब (डीजीसी) में सम्मान और विदाई समारोह आयोजित किया गया।

इस मौके पर दीपक यादव ने 'आईएएनएस' से कहा, "भारत का प्रतिनिधित्व करना बहुत शानदार है। यह करीब एक हफ्ते की चैंपियनशिप है, जिसके लिए हम सिंगापुर जा रहे हैं। हम बेहतर करने का प्रयास करेंगे। मैं अपने साथियों को भी शुभकामनाएं देना चाहता हूं।"

चैतन्य पांडे ने कहा, "देश का प्रतिनिधित्व करने पर मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं सिर्फ 14 साल का हूं। मुझे पता है कि लोगों को मुझसे इस चैंपियनशिप में काफी उम्मीदें होंगी। मैं देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा। मैं जूनियर खिलाड़ियों को सलाह देना चाहूंगा कि तनावमुक्त रहते हुए रोजाना प्रैक्टिस करते रहे हैं।"

रणवीर ने कहा, "मैं करीब 11 साल से गोल्फ खेल रहा हूं। मैं छठी बार देश का प्रतिनिधित्व करने जा रहा हूं। भारत के लिए खेलना हर किसी का सपना होता है। सिंगापुर में काफी मुश्किल चुनौतियां होंगी। मैं इसके लिए पूरी तरह से तैयार हूं। अपना शत प्रतिशत देने का प्रयास करूंगा।"

दिल्ली गोल्फ क्लब की महिला कप्तान सोनल चौधरी ने कहा, "हमारे तीन खिलाड़ी सिंगापुर ओपन एमोच्योर गोल्फ चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं, जिसकी हमें बेहद खुशी है। ये तीनों खिलाड़ी हमारे गोल्फ कोर्स में काफी वर्षों से खेल रहे हैं। इन तीनों को हमने बचपन से ट्रेनिंग दी है। इनमें से दीपक यादव हमारे कोर्स के रिकॉर्ड होल्डर हैं। उन्होंने पिछले साल एनसीआर कप में 10-अंडर खेला था। ये खिलाड़ी देश से बाहर जाकर इस चैंपियनशिप मे खेल रहे हैं, जो इनके लिए काफी शानदार अनुभव होगा, क्योंकि ये भारत में अपने दोस्तों के ही साथ खेलते हैं, जिनके साथ बड़े हुए हैं। विदेश में गोल्फ कोर्स की परिस्थितियां भारत से अलग होती हैं। इस नए अनुभव का इन्हें फायदा मिलेगा। इन्हें भारत में खेलने का अनुभव है। अब इन्हें विदेश में जाकर खेलने का अनुभव जुटाना होगा।

दिल्ली गोल्फ क्लब के कप्तान विक्रम सेठ ने कहा, "दीपक यादव, चैतन्य पांडे और रणवीर, तीनों हमारे दिल्ली गोल्फ क्लब से हैं। इंडियन गोल्फ यूनियन ने इस चैंपियनशिप के लिए इनका चयन किया है। इनका पिछला प्रदर्शन शानदार रहा है। यह प्रतियोगिता सिंगापुर में होगी। ये भारत के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। ये हमारे कैंप ऑफ एक्सीलेंस में हिस्सा लेते थे। वहां से सीखते-सीखते आज ये भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। हमने यहां एक डीजीसी गोल्फ एकेडमी स्थापित की है। उम्मीद है कि आगे ऐसे बहुत से बच्चे आएंगे, जो भविष्य में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।"