टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद के बंगले के सामने स्थित ईदगाह मार्केट के निर्मल मॉल के समीप एक युवक पर कथित तौर पर तलवार, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल युवक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच, कड़ी कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित के अनुसार सोमवार शाम वह अपने एक परिचित के साथ निर्मल मॉल के सामने मौजूद था, तभी उज्जवल गौर, महेंद्र सिंह गौर, देव उर्फ देवांश तिवारी सहित 2-3 अन्य लोग वहां पहुंचे और कथित रूप से उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले गाली-गलौज करते हुए 5 हजार रुपये की मांग की और इंकार करने पर तलवार, लोहे की रॉड, डंडों तथा कुर्सियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसके गले से करीब दो तोला सोने की चेन भी छीन ली गई।
घटना के बाद घायल युवक जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद वह कोतवाली थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत उसके बताए अनुसार दर्ज नहीं की और कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने के कारण पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नामजद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन में रामराजा यादव, मुबीन खान और निमित चौधरी को घटना का प्रत्यक्षदर्शी भी बताया गया है।

