छतरपुर, संदीप यादव। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत परिहार क्रेशर के पास स्थित तलैया में मछली पकड़ने गए 35 वर्षीय युवक का शव रविवार सुबह पानी में तैरता मिला। मृतक की पहचान तेजलाल भाट (35) पिता रामशरण भाट निवासी बच्चा जेल के पास, छतरपुर (मूल निवासी बड़ी देवी, जिला पन्ना) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के साले पंचू भाट ने बताया कि तेजलाल भाट 3 तारीख को परिहार क्रेशर के पास बनी तलैया में मछली पकड़ने गया था, लेकिन इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। दो दिनों तक परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि युवक को आखिरी बार तलैया के आसपास ही देखा गया था।
सूचना के आधार पर सिविल लाइन पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम ने तलैया में करीब चार घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद रविवार सुबह करीब 11 बजे युवक का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

