भोपाल, जीतेन्द्र यादव। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह चुनाव जनता पर थोपा गया है और इससे जुड़ा मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी दतिया जाकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर चुके हैं। शर्मा ने दावा किया कि राजेंद्र भारती के परिवार और क्षेत्र की जनता में कांग्रेस के प्रति सहानुभूति का माहौल है तथा उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है कि न्याय होगा।
मूंग खरीदी के मुद्दे पर पूर्व मंत्री ने कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला बोलते हुए कहा कि किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को मूंग की खेती से हतोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। शर्मा ने मांग की कि हरदा, होशंगाबाद और नरसिंहपुर के किसानों को चुनाव के दौरान घोषित समर्थन मूल्य और निर्धारित कोटे के अनुसार खरीदी का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र में जाने के बाद शिवराज सिंह चौहान किसानों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील नहीं रहे हैं और अब तक मूंग का एमएसपी तय नहीं किया गया है।
राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर पीसी शर्मा ने कहा कि जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जबकि सीसीटीवी फुटेज में चोरी की घटनाएं सामने आने का दावा किया गया है। उन्होंने कहा कि केवल इस्तीफा लेने या पद से हटाने से कार्रवाई पूरी नहीं होती, बल्कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। शर्मा ने आरोप लगाया कि इस मामले में सरकार का रवैया पक्षपातपूर्ण है और दोषियों को जेल भेजा जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर भी तीखा हमला बोलते हुए कई राजनीतिक आरोप लगाए।




