शिवपुरी/ग्वालियर। ग्वालियर की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने शिवपुरी जिले के पोहरी अनुभाग में पदस्थ एसडीएम जे.पी. गुप्ता और बछोरा के पटवारी अशोक वर्मा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक, आर्थिक अपराध शाखा ग्वालियर द्वारा शिवपुरी कलेक्टर को एक आधिकारिक पत्र भेजकर दोनों आरोपी अधिकारियों के तत्काल स्थानांतरण (तबादले) की मांग की गई है।
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मिली जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध शाखा ग्वालियर ने पोहरी में पदस्थ एसडीएम जे.पी. गुप्ता और पटवारी अशोक वर्मा के खिलाफ अपराध क्रमांक 80/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
जांच को प्रभावित करने की आशंका
EOW द्वारा कलेक्टर को भेजे गए पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि दोनों आरोपी अधिकारी वर्तमान में पोहरी अनुभाग में ही पदस्थ हैं। निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए इनका पोहरी से ट्रांसफर किया जाना बेहद जरूरी है, ताकि ये आरोपी शासकीय पद पर रहते हुए मामले की जांच को किसी भी तरह से प्रभावित न कर सकें।
यह पत्र ग्वालियर आर्थिक अपराध शाखा कार्यालय से क्रमांक 221/रीडर/आर्थिक अपराध शाखा/2026 के तहत 3 जुलाई 2026 को जारी किया गया है, जिस पर पुलिस अधीक्षक के हस्ताक्षर हैं। अब देखना यह होगा कि शिवपुरी कलेक्टर द्वारा इस मामले में इन अधिकारियों के खिलाफ कब तक और क्या कार्रवाई की जाती है।




