छतरपुर, संदीप यादव। बक्सवाहा थाना क्षेत्र के ग्राम गुगवारा में एक किसान की संदिग्ध फांसी वाली मौत ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मृतक किसान खुब सिंह लोधी की पत्नी सीमा लोधी ने सीधे छतरपुर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर अपने ही चाचा-भतीजे पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
जमीन विवाद में मारपीट, फिर फंदे पर लाश
सीमा लोधी ने 7 जुलाई 2026 को दिए शिकायती आवेदन में बताया कि जमीन के विवाद को लेकर घटना वाली रात करीब 9 बजे आरोपी रविंद्र लोधी और मूरत लोधी ने उनके पति खुब सिंह लोधी के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट इतनी हिंसक थी कि खुब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की खुली धमकी भी दी।
अगली सुबह जब परिवार वाले उठे तो खुब सिंह का शव गांव में एक पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी दोनों ने पहले उनके पति की हत्या की और फिर शव को फंदे पर लटका कर आत्महत्या का मामला बनाने की कोशिश की।
अनाथ हो गए दो छोटे बच्चे, आरोपी खुलेआम घूम रहे
सीमा लोधी ने SP को सौंपे आवेदन में बताया कि घटना के बाद उनके दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं। आरोपियों ने न केवल हत्या की बल्कि अब पीड़ित परिवार को खुलेआम धमकियां भी दे रहे हैं। स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता पर भी पीड़िता ने नाराजगी जताई है।
पीड़िता ने एसपी से मांग की है कि आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाए।
अभी तक की स्थिति:
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कर लिया है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूरे मामले में जांच चल रही है।
यह मामला जमीन विवाद में परिवार के अंदरूनी झगड़े की एक और दुखद मिसाल बन गया है। बक्सवाहा के इस हत्याकांड पर अब पूरे जिले की नजरें टिकी हुई हैं।




