भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सरकार पर किसानों की मूंग खरीदी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6 लाख से अधिक किसान मूंग की खेती कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा खरीद की स्वीकृति पर्याप्त संख्या में नहीं दिए जाने के कारण बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं।
उमंग सिंघार ने मांग की कि सरकार किसानों की मूंग का एक-एक दाना समर्थन मूल्य पर खरीदे और खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आने दे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आपसी रिश्तों का खामियाजा प्रदेश के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को सम्मान निधि के नाम पर केवल 12 रुपये दे रही है, जो किसानों के साथ मजाक है।
सिंघार ने सरकार से किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए मूंग खरीदी की प्रक्रिया को तेज करने और सभी पात्र किसानों की उपज की खरीद सुनिश्चित करने की मांग की।




