उमरिया, तपस गुप्ता । जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुनघुटी चौकी पुलिस ने नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 120 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप, एक आर्टिका कार और एक ऑटो जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार घुनघुटी चौकी प्रभारी विजय सेन एक प्रकरण की विवेचना कर लौट रहे थे। इसी दौरान किरिया काड़ी जंगल में एक आर्टिका कार और एक ऑटो संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। सुनसान जंगल में वाहनों की मौजूदगी पर पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने वहां मौजूद चार लोगों से पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान उनके कब्जे से 120 बोतल प्रतिबंधित कोरेक्स कफ सिरप बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि आरोपी जंगल में नशीली कफ सिरप की खरीद-फरोख्त करने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा मौके से आर्टिका कार, ऑटो और बरामद कोरेक्स सिरप को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। डीएसपी शिव चरण बोहित ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार का समय रहते खुलासा हो सका। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद कोरेक्स सिरप की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

