उमरिया,तपस गुप्ता। जिले के बिरसिंहपुर पाली में महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। गैस सिलेंडर, बिजली दरों और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा के नेतृत्व में प्रकाश चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर और ढोलक के साथ सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।


कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है और सरकार इस पर नियंत्रण करने में विफल रही है। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर नियंत्रण, बिजली दरों में कमी और पेट्रोल-डीजल की सुचारु आपूर्ति की मांग की गई।


ब्लॉक अध्यक्ष रवि मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आम जनता को राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।