भोपाल, जीतेन्द्र यादव। दतिया विधानसभा उपचुनाव के मतदान से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई हैं। प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने आरोप लगाया है कि उपचुनाव में बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान कराने की योजना बनाई जा रही है। इस संबंध में उन्होंने भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा को पत्र लिखकर निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है।


गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि भिंड जिले के कुछ पुलिस अधिकारियों को दतिया उपचुनाव में गड़बड़ी कराने की मंशा से तैनात किए जाने की तैयारी है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मांग की कि भिंड जिले के अधिकारियों की ड्यूटी दतिया में न लगाई जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र रह सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष चुनाव आवश्यक हैं और निर्वाचन आयोग को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।


उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को की जाएगी। कांग्रेस द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बाद चुनावी माहौल और अधिक गरमा गया है। हालांकि, निर्वाचन आयोग या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।