भोपाल। मध्य प्रदेश के राजनैतिक समर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी खुद अपने ही बयानों के आत्मघाती जाल में फंसकर बुरी तरह घिर गए हैं। महिलाओं, लाडली बहना योजना और वरिष्ठ नेताओं पर की गई उनकी अमर्यादित टिप्पणियां अब उनके राजनैतिक चरित्र पर एक बड़ा दाग बन चुकी हैं, जिसने उन्हें प्रदेश की राजनीति में एक नकारात्मक विलेन के रूप में लाकर खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके ये वीडियो क्लिप्स साफ गवाही दे रहे हैं कि कैसे वे अपनी ही जुबान से अपनी राजनैतिक शुचिता और गरिमा को तार-तार कर रहे हैं।


इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक क्लिप में जीतू पटवारी मध्य प्रदेश की नारी शक्ति का घोर अपमान करते हुए यह गैर-जिम्मेदाराना दावा कर रहे हैं कि मध्य प्रदेश की महिलाएं देश में सबसे ज्यादा शराब पीती हैं और लाडली बहना योजना का लाभ लेकर वे नशे की गिरफ्त में जा रही हैं। महिलाओं को लेकर उनके भीतर की यह ओछी सोच यहीं नहीं थमती; एक अन्य वीडियो में वे भाजपा की वरिष्ठ महिला नेता इमरती देवी पर बेहद अश्लील और अमर्यादित टिप्पणी करते हुए सुनाई दे रहे हैं। ये बयान किसी भी सभ्य समाज के राजनेता को शोभा नहीं देते और पटवारी का यह रवैया उन्हें जनता की नजरों में पूरी तरह खलनायक साबित करता है।


जीतू पटवारी का यह अमर्यादित आचरण और भाषा की गिरावट इस बात का प्रमाण है कि वे प्रदेश में हो रहे विकास और जनकल्याणकारी नीतियों से बुरी तरह विचलित हो चुके हैं। दूसरों पर उंगली उठाने और रोज राजनीतिक मर्यादाओं को तोड़ने वाले पटवारी को अब खुद के गिरेबां में झांकना होगा। ऐसे में भाजपा समर्थकों का कहना है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जहां मध्य प्रदेश विकसित प्रदेश की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है, वहीं पटवारी अपनी इस अमर्यादित भाषा से केवल नकारात्मकता परोसने का काम कर रहे हैं। अपनी भाषा पर संयम खो चुके कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इन विलेन जैसे बयानों ने यह साफ कर दिया है कि उनके पास विकास का कोई रोडमैप नहीं है, बल्कि वे सिर्फ और सिर्फ वैमनस्यता और अमर्यादित राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं।


इस पूरे मामले पर अत्यंत कड़ा रुख अपनाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जीतू पटवारी के इस आचरण पर तीखा प्रहार किया है। हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट करते हुए पटवारी को मर्यादा विहीन बताते हुए लिखा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रतिदिन स्थापित राजनैतिक मर्यादाओं को तार-तार करने की भूमिका निभा रहे हैं।