नई दिल्ली, 8 अप्रैल । भाजपा प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर प्रतिक्रिया दी।शाहनवाज हुसैन ने मल्लिकार्जुन खड़गे के हालिया बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह की भाषा बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। खड़गे ने जिस तरह सांप और नमाज जैसे उदाहरण देकर भाजपा और आरएसएस की तुलना की, वह पूरी तरह अनुचित है। इस तरह की भाषा कांग्रेस की सोच को दर्शाती है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुद्दे पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी पर निशाना साधा। भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनाए गए थे, जिन्हें अब चुनाव आयोग द्वारा चिह्नित कर हटाया जा रहा है। पहले एक व्यक्ति के पास कई-कई वोटर आईडी होते थे, लेकिन अब ऐसे वोट खत्म हो गए हैं। इस बार ममता बनर्जी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आयोग ने साफ कर दिया है कि इस बार पश्चिम बंगाल में चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और बिना किसी डर या हिंसा के होंगे। टीएमसी को यह समझना चाहिए कि अब चुनाव भय के माहौल में नहीं, बल्कि पारदर्शी तरीके से होंगे।

पवन खेड़ा और हिमंता बिस्वा सरमा के बीच चल रहे विवाद पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पवन खेड़ा को अनर्गल बयानबाजी की आदत हो गई है और वह पहले भी कई बार गलत बयान दे चुके हैं। खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री की पत्नी पर भी टिप्पणी की, जो पूरी तरह अनुचित है।

वहीं, हिमंता बिस्वा सरमा के बयान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई भी व्यक्ति गलत आरोप लगाकर बचने की कोशिश करेगा, तो असम पुलिस उसे ढूंढ निकालेगी, चाहे वह कहीं भी छिपा हो।

अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बात करते हुए शाहनवाज हुसैन ने प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति की सराहना की। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों के साथ भारत के रिश्ते आज बेहद मजबूत हैं और इसका श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को जाता है। बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक इन देशों में रहते हैं और सरकार लगातार उनके हितों का ध्यान रखती है। प्रधानमंत्री मोदी ने खाड़ी देशों के नेताओं से लगातार संवाद बनाए रखा है, जिसके कारण भारत ने इन देशों का भरोसा और सम्मान दोनों जीता है। उन्होंने यह भी कहा कि कई खाड़ी देशों ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है।