अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन में कुछ ही वर्षों के भीतर बड़ी-बड़ी दरारें आने और भवन के जर्जर होने के मामले को लेकर बुधवार को छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आकाश जाटव के नेतृत्व में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अजयगढ़ तहसीलदार सुरेंद्र अहिरवार को जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय महाविद्यालय भवन का निर्माण कार्य महज तीन से चार वर्ष पहले ही पूरा हुआ था, लेकिन वर्तमान में भवन की दीवारों, बाउंड्रीवाल तथा अन्य हिस्सों में बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं। कई स्थानों पर निर्माण क्षतिग्रस्त होने लगा है, जिससे भवन की गुणवत्ता और निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
छात्रों ने बताया कि प्रतिदिन करीब 1000 छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं कर्मचारी इस भवन में अध्ययन और कार्य के लिए आते हैं। भवन की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष आकाश जाटव ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद भवन का कुछ ही वर्षों में जर्जर हो जाना निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और सरकारी धन के दुरुपयोग की ओर संकेत करता है। उन्होंने कहा कि केवल मरम्मत कराना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर निर्माण एजेंसी, संबंधित इंजीनियरों एवं जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने मांग की कि भवन की तकनीकी जांच शीघ्र कराई जाए, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।




