छतरपुर, संजय अवस्थी/जावेद खान। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में छतरपुर पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लवकुशनगर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मिली सूचना पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली दो फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में बने व अधबने हथियार तथा निर्माण उपकरण जब्त करते हुए 2 अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


पुलिस कंट्रोल रूम में सोमवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि गश्त के दौरान लवकुशनगर पुलिस को ग्राम किशनपुरा में अवैध कट्टा निर्माण की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्ध स्थान पर दबिश देकर ग्राम किशनपुरा निवासी जीतेंद्र उर्फ राजू राजपूत को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने महोबा जिले के ग्राम खजुरिया पहरा थाना कबरई, उत्तर प्रदेश निवासी कामता प्रजापति द्वारा भी अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री संचालित किए जाने की जानकारी दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश स्थित संबंधित ठिकाने पर भी छापेमारी कर दूसरे आरोपी कामता प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया।


दोनों स्थानों से पुलिस ने 315 बोर एवं 12 बोर के देशी कट्टे, अधबने कट्टों के साँचे, अधबने कट्टों की नाल, लोहे की धुकनी, बांके, निहाई, ग्राइंडर मशीन, ड्रिल मशीन, हथौड़ी, आरी, रेती, प्लास, पेंचकस और छेनी सहित हथियार बनाने की अन्य सामग्री बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अवैध हथियार बनाकर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के इलाकों में बिक्री करते थे। पकड़े गए आरोपी जीतेंद्र उर्फ राजू के खिलाफ पूर्व में भी अवैध शराब से संबंधित दो अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।