छतरपुर, संदीप यादव। शहर को व्यवस्थित और यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से छतरपुर नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत कर दी गई। अभियान का शुभारंभ छतरपुर विधायक ललिता यादव की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान नगर पालिका का अमला, तीनों थाना क्षेत्रों का पुलिस बल, यातायात पुलिस, नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ), नपाध्यक्ष एवं नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।
विधायक ललिता यादव ने बताया कि शहर के चौड़ीकरण और सुचारु यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अगले 15 दिनों तक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बजरिया, चौक बाजार, पन्ना नाका, सागर रोड, नौगांव रोड सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर दुकानदारों एवं नागरिकों से अतिक्रमण स्वयं हटाने की अपील की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से हाथ जोड़कर निवेदन किया जाएगा ताकि शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर लोगों ने नालियों पर कब्जा कर लिया है और लगभग 30 फीट तक अतिक्रमण कर रखा है, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या भी उत्पन्न होती है। विधायक ने कहा कि बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बैंकों और अस्पतालों को अपने बेसमेंट में पार्किंग की व्यवस्था करनी चाहिए, लेकिन अधिकांश संस्थानों द्वारा सड़कों पर ही वाहन खड़े कराए जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
ललिता यादव ने स्पष्ट किया कि 15 दिन तक लोगों को समझाइश देने के बाद भी यदि अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि शहर में छत्रसाल चौराहा, हटवारा, पन्ना नाका, शिक्षा विभाग परिसर सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके और सड़कें अतिक्रमण मुक्त रह सकें।
अभियान के दौरान प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर के विकास और सुगम यातायात के लिए सभी को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने में सहयोग करना चाहिए।




