छतरपुर। मध्य प्रदेश शासन के खनिज साधन विभाग मंत्रालय ने प्रशासनिक कार्य सुविधा को देखते हुए विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी नवीन स्थानांतरण सूची के अनुसार, छतरपुर के जिला खनिज अधिकारी (उप संचालक) अमित मिश्रा का तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर अब ए.के. राय छतरपुर के नए खनिज अधिकारी होंगे।


विभागीय आदेश के तहत, छतरपुर में पदस्थ उप संचालक (खनिज प्रशासन) श्री अमित मिश्रा को अब कलेक्टर कार्यालय (खनिज शाखा) जिला छिंदवाड़ा भेजा गया है। वहीं, जबलपुर में खनिज अधिकारी के पद पर कार्यरत श्री ए.के. राय को अब छतरपुर जिले की कमान सौंपी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं और संबंधित अधिकारियों को अपनी नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


छतरपुर के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी खनिज अधिकारियों के दायित्व बदले गए हैं। बुरहानपुर से मेजर सिंह जमरा को मैहर और मैहर से सतीश मिश्रा को जबलपुर स्थानांतरित किया गया है। इसके साथ ही ओ.पी. बघेल को दतिया, राकेश कनेरिया को खरगोन और सोहन सलामे को नरसिंहपुर जिले में प्रभारी अधिकारी के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है।