चित्रकूट (अंबिका केशरी): मात्र दो साल की मासूम बेटी का जन्मदिन बीते दो दिन पहले ही धूमधाम से मनाया गया था। लेकिन खुशियों भरे इस माहौल में अचानक एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। चित्रकूट के बरौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत चुवा गांव में 26 वर्षीय युवती अंजना विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव घर के अंदर फांसी के फंदे से उतारकर जमीन पर पड़ा मिला।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे दहेज हत्या करार दिया है। परिवार का आरोप है कि अंजना की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।
शादी के 15 दिन बाद शुरू हुई प्रताड़ना
अंजना विश्वकर्मा का विवाह 29 नवंबर 2021 को सुनील विश्वकर्मा के साथ हुआ था। मृतका की बड़ी बहन कल्पना विश्वकर्मा ने बताया कि शादी के महज 15 दिन बाद से ही अंजना को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा।
आरोपों के अनुसार:
- पति, सास, जेठ और जेठानी लगातार मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रिज, कूलर और नकदी की मांग करते थे।
- मांग पूरी न होने पर अंजना के साथ मारपीट की जाती थी।
- जेठ ने मायके परिवार को गांजे के झूठे मामले में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी थी।
परिवार का कहना है कि आखिरी दिनों में प्रताड़ना इतनी बढ़ गई कि अंजना की हत्या कर दी गई और मामले को आत्महत्या बताने की साजिश रची गई।
प्रशासन और पुलिस पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार डॉ. सुदामा प्रसाद तथा चित्रकूट एसडीओपी राजेश बंजारे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे स्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
बरौधा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच चल रही है।
मायके पक्ष ने प्रशासन से दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और बच्ची के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामले की जांच अभी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।




