छतरपुर, विनोद मिश्रा। छतरपुर जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटनी डैम के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में कार सवार एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और अपने चार पहिया वाहन की मदद से सभी घायलों को खाई से निकालकर राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल बच्ची की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की संभावना जताई है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होने से हादसा होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

