हरपालपुर, सुनील रिछारिया। छतरपुर जिले के हरपालपुर नगर स्थित बाईपास पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन बाईपास पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में काकुनपुरा चौकी प्रभारी राजेंद्र बागरी एवं हरपालपुर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक बृजराज घायल हो गए। दोनों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार दुर्घटना उस समय हुई जब दोनों पुलिसकर्मी कार से हरपालपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल के पास कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी गई। घायलों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार कराया गया।


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, समय रहते पुलिसकर्मियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन बाईपास पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने और चेतावनी संकेतों की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।