बकस्वाहा। छतरपुर जिले के छोटे से कस्बे बकस्वाहा के युवा आयुष जैन ने मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सुप्रसिद्ध संगीतकार अखिलेश जैन अखिल के पुत्र आयुष जैन ने विजुअल इफेक्ट्स और पोस्ट-प्रोडक्शन के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी तकनीकी दक्षता और रचनात्मक सोच के चलते वे आज कई बड़ी फिल्मों, वेब सीरीज़, म्यूजिक वीडियो और विज्ञापनों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का हिस्सा हैं।


करीब तीन वर्ष पूर्व आयुष ने मुंबई में अपनी कंपनी क्रोमा क्रिएशन्स की स्थापना की थी। शुरुआत छोटे स्तर से हुई, लेकिन गुणवत्ता और आधुनिक तकनीक के दम पर कंपनी ने फिल्म जगत में तेजी से भरोसा और पहचान हासिल कर ली। वर्तमान में कंपनी एडिटिंग, कलर ग्रेडिंग, कंपोजिटिंग, रोटोस्कोपिंग, स्क्रीन रिप्लेसमेंट, मोशन ग्राफिक्स, एनीमेशन और अत्याधुनिक ङ्कस्नङ्ग सहित पोस्ट-प्रोडक्शन के लगभग सभी कार्यों का संचालन कर रही है। साथ ही यह स्टार्टअप कई युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर भी प्रदान कर रहा है।


आयुष जैन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में 24 जुलाई को रिलीज़ होने वाली फिल्म इंद्रजाल शामिल है, जिसमें उन्होंने ऑन-शूट वीएफएक्स सुपरवाइजऱ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई है। शूटिंग के दौरान विजुअल इफेक्ट्स से जुड़े तकनीकी कार्यों का सफल निर्देशन और समन्वय उन्होंने किया, जिसकी फिल्म जगत में सराहना हो रही है। इसके अलावा आने वाली फिल्में हार्ड डिस्क, जागर, गोष्ट सुरू होते और रहस्यम में भी उनका तकनीकी योगदान देखने को मिलेगा।


आयुष का लक्ष्य केवल फिल्मों तक सीमित नहीं है। वे मध्यप्रदेश और देशभर के युवाओं को वीएफएक्स एवं डिजिटल मीडिया उद्योग में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना चाहते हैं। भविष्य में वे अंतरराष्ट्रीय फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए काम करने के साथ भारत में विश्वस्तरीय वीएफएक्स स्टूडियो स्थापित करने का सपना देख रहे हैं। बकस्वाहा जैसे छोटे कस्बे से निकलकर मुंबई की प्रतिस्पर्धी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाना पूरे बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और स्पष्ट लक्ष्य के दम पर छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।