पेरिस (फ्रांस) | दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा के नेतृत्व में फ्रांस और इटली में बसे बुंदेलखंडवासियों ने छतरपुर में निर्माणाधीन शासकीय मेडिकल कॉलेज का नाम बुंदेलखंड की किसी महान विभूति के नाम पर रखने की मांग को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन फ्रांस और इटली स्थित भारतीय दूतावासों के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय भेजा गया है। इसमें कहा गया है कि बुंदेलखंड केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि संतों, ऋषियों, तपस्वियों, समाज सुधारकों और राष्ट्र निर्माताओं की पावन भूमि है। ऐसे में नया मेडिकल कॉलेज क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक बनना चाहिए।

प्रस्तावित महान विभूतियाँ

ज्ञापन में निम्नलिखित नामों का प्रस्ताव रखा गया है:

  • श्री मतंगेश्वर महाराज
  • श्री संन्यासी बाबा (बागेश्वर धाम)
  • पंडित श्री देव प्रभाकर शास्त्री जी
  • आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज
  • संत श्री नारायण महाराज जी
  • श्री पद्म सिंह बाबा जी (झाड़ू वाले बाबा)
  • संत श्री शरीर जी महाराज (मोटे के महावीर मंदिर)
  • संत श्री प्रेम गिरी महाराज
  • पद्मश्री डॉ. अशोक हेमल

भावना और अपील

WhatsApp Image 2026-07-02 at 10.57.10 AM


पंडित सुधीर शर्मा ने कहा, “किसी भी चिकित्सा संस्थान का नाम सिर्फ पहचान नहीं होता, बल्कि वह पूरे क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और प्रेरणा का स्थायी प्रतीक बन जाता है। इस मेडिकल कॉलेज का नाम बुंदेलखंड की महान विभूतियों में से किसी एक के नाम पर रखने से आने वाली पीढ़ियों को सेवा, त्याग और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा मिलेगी।”

ज्ञापन की प्रतिलिपि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी भेजी जा रही है।

उपस्थिति

इस अवसर पर फ्रांस में दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रतिनिधि इंजीनियर सुरेंद्र गुप्ता सहित फ्रांस-इटली में बसे अनेक बुंदेलखंडवासी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मांग का समर्थन किया।

विशेष रूप से पाण्डुचेरी निवासी और विश्वविख्यात कत्थक नृत्यांगन श्री रघुनाथ मानेत भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय कला के संरक्षण पर जोर देते हुए इस पहल की सराहना की।