मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर नकली दूध का अवैध कारोबार करने वाले आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को सख्त कार्रवाई की है। ग्राम डुंगरखेड़ी में नकली दूध फैक्ट्री संचालित करने के आरोपी कृष्णपाल सिंह पिता बद्रीलाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने उसके अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चला दिया।

एसडीएम राहुल चौहान के निर्देश पर सुबह-सुबह पहुंची टीम ने जेसीबी की मदद से शासकीय भूमि पर किया गया अवैध कब्जा पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। आरोपी द्वारा करीब 30×20 फीट शासकीय भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर अतिक्रमण किया गया था, जिसे प्रशासन ने मुक्त करा लिया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार मुक्त कराई गई जमीन का बाजार मूल्य लगभग 6 लाख रुपये आंका गया है। नकली दूध के काले कारोबार का पर्चा दर्ज होने के बाद हुई इस त्वरित कार्रवाई को क्षेत्र में भू-माफियाओं और मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन के कड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है।