महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में मंगलवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 28 वर्षीय युवक जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसके दोनों हाथ लगभग कलाई से काट दिए गए। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे स्थित समद नगर इलाके में चंदेल पेट्रोल पंप के सामने हुई। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसके दोनों हाथ, पैर और सिर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।


घायल युवक के पिता राजा बाबू सिंह और भाई आलोक सिंह ने इस हमले के लिए बीजेपी नेता शिवप्रताप सिंह परमार और उनके साथियों को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।


जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शिशुपाल के अनुसार, युवक की हालत बेहद गंभीर है। उसके दोनों हाथ लगभग शरीर से अलग हो चुके थे, जिन्हें प्राथमिक उपचार के दौरान सपोर्ट देकर बांधा गया। डॉक्टरों ने स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।