रायगढ़,छत्तीसगढ़, रोहित तिर्की । धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम क्रोंधा में हुए ब्लाइंड डबल मर्डर का पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि 14 जुलाई की रात भूमि विवाद के चलते दो सगे भाइयों श्याम लाल राठिया (32) और जीवन लाल राठिया (48) ने दंपति मंगल राठिया (65) और पुनाई बाई राठिया (55) की टांगी से हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शवों और मकान में आग लगा दी, ताकि हत्या को हादसा या अन्य घटना का रूप दिया जा सके।
15 जुलाई को जले हुए शव मिलने के बाद थाना धरमजयगढ़ में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस डॉग रूबी, एफएसएल टीम और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद ली गई। घटनास्थल से जुटाए गए तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पूछताछ में सामने आया कि लंबे समय से चल रहे भूमि विवाद के कारण आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया था। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए आगजनी की गई, लेकिन वैज्ञानिक जांच और पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी कानून के शिकंजे से बच नहीं सके।
जिला पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले के खुलासे पर कहा कि अपराध कितना भी सुनियोजित क्यों न हो, वैज्ञानिक विवेचना और सशक्त पुलिसिंग के सामने अपराधी बच नहीं सकते। उन्होंने लोगों से भूमि विवाद जैसे मामलों का समाधान कानून के दायरे में रहकर करने की अपील करते हुए कहा कि हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है।




