भोपाल, जीतेन्द्र यादव। मध्य प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने इसका ऐलान करते हुए बताया कि इस अभियान की मुख्य कमान बीजेपी के अल्पसंख्यक मोर्चे को सौंपी गई है।


मंत्री विश्वास सारंग ने मीडिया से चर्चा में कहा, UCC देश के सुनहरे भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है। इससे हर नागरिक को समान अधिकार मिलेंगे और हलाला जैसी सामाजिक कुप्रथाओं पर हमेशा के लिए पूर्णविराम लगेगा। कानून में समानता और एकरूपता आएगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण देशहित के अच्छे मुद्दों का हमेशा विरोध करती है, लेकिन बीजेपी इस कानून की खूबियों को आम जनता तक पहुँचाएगी। इसके साथ ही युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए सारंग ने कहा कि सरकार सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार, दोनों ही क्षेत्रों में लगातार नए अवसर सृजित कर रही है।