छतरपुर/बकस्वाहा, राजू दुबे। शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल बकस्वाहा द्वारा नगर के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रम के दौरान करीब 200 शिक्षकों का सम्मान कर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। वहीं जनपद सभा कक्ष में सेवानिवृत्त शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बड़ा मलहरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुंवर प्रद्युम्न सिंह लोधी मौजूद रहे। उनके साथ भाजपा मंडल प्रभारी महेश राय, जनपद अध्यक्ष रजनी मोती यादव, नगर परिषद अध्यक्ष किरण ब्रज गोपाल सोनी, मंडल अध्यक्ष संदीप खरे, जिला पंचायत सदस्य डॉ. करण सिंह लोधी और अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष देवकीनंदन गंधर्व सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन पीएम श्री कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, सांदीपनि विद्यालय, शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल, बालक हाई स्कूल, शासकीय नवीन महाविद्यालय और जनपद सभा कक्ष में किया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में शिक्षकों को सम्मानित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस दौरान अतिथियों ने शिक्षकों के समर्पण, सेवाभाव और समाज निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। अतिथियों ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में भाजपा के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, पार्षद, शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके योगदान को रेखांकित किया गया।




