बिजावर। बिजावर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम बरेठी में निर्माणाधीन सौर ऊर्जा परियोजना में एनटीपीसी की एक बड़ी मनमानी और लापरवाही सामने आई है। लंबे समय से ग्रामीणों द्वारा मिल रही गंभीर शिकायतों के बाद आज बिजावर विधायक राजेश शुक्ला बब्लू ने राजस्व अमले के साथ एनटीपीसी के मेन प्लांट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों द्वारा किए गए वादों की जमीनी हकीकत देखकर विधायक का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एनटीपीसी प्रबंधन को आड़े हाथों लेते हुए सख्त चेतावनी दी।


निरीक्षण के दौरान यह बात प्रमुखता से सामने आई कि एनटीपीसी परियोजना के स्थापना समय कंपनी द्वारा स्थानीय ग्रामीणों से जमीन के बदले उचित मुआवजे, स्थानीय युवाओं को रोजगार और मूलभूत सुविधाएं देने की जो बड़ी-बड़ी बातें की गई थीं, वे आज भी अधूरी हैं। अनेक प्रभावित ग्रामीणों को आज तक उनकी जमीनों का हक और मुआवजा नहीं मिल सका है। कंपनी की इस वादाखिलाफी के कारण प्रभावित परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और ग्रामीणों के साथ सरेआम अन्याय हो रहा है। ग्रामीणों ने विधायक को अपनी व्यथा सुनाई कि एनटीपीसी ने परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए स्वास्थ्य, ​शिक्षा और गांव तक पहुंच मार्ग जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लिखित भरोसा दिया था। लेकिन प्लांट का काम शुरू होने के बाद कंपनी ने इन सभी सामाजिक उत्तरदायित्वों से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया। धरातल पर न तो सड़कें बनीं, न ही बिजली और पानी की कोई समुचित व्यवस्था की गई, जिससे ग्रामीणों का जीना दूभर हो चुका है।


एसडीएम-तहसीलदार की मौजूदगी में हुई सुनवाई, विधायक ने दी एनटीपीसी को चेतावनी


मौके पर विधायक बबलू शुक्ला के साथ एसडीएम विजय कुमार द्विवेदी और तहसीलदार इन्द्र कुमार गौतम सहित पूरा राजस्व अमला मौजूद रहा। विधायक ने बिल्कुल जनसुनवाई की तर्ज पर एक-एक ग्रामीण की समस्या को विस्तार से सुना और मौके पर ही कागजात जांचे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में विधायक बबलू शुक्ला ने एनटीपीसी के जिम्मेदार अधिकारियों को दो टूक लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, मुआवजा नहीं बंटा और मूलभूत सुविधाएं शुरू नहीं की गईं, तो वे इस गंभीर मामले को सीधे उच्च स्तर (मंत्रालय) तक ले जाएंगे और कंपनी के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोलेंगे। उन्होंने भावुक होकर ग्रामीणों से कहा, मैं आपका सेवक हूं और आपके हक की लड़ाई लड़ने के लिए हमेशा तैयार रहूंगा, एनटीपीसी की तानाशाही क्षेत्र में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।