देवास, नंदकिशोर गुर्जर । कांटाफोड़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत ट्रॉली चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ट्रॉली, घटना में प्रयुक्त कुबोटा ट्रैक्टर तथा अन्य सामान सहित लगभग 9 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद ली गई। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसके बाद चोरी की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

कांटाफोड़ पुलिस की इस कार्रवाई को ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।