त्योहारी और शादियों के सीजन के बीच सराफा बाजार से आम जनता और खरीदारों के लिए बड़ी राहत भरी खबर आई है। लगातार आसमान छू रही चांदी की कीमतों में अचानक जोरदार गिरावट देखने को मिली है। शाम होते-होते घरेलू बाजार में चांदी के भाव धड़ाम से नीचे गिर गए और प्रति किलोग्राम पर 3600 रुपये से ज्यादा की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अगर आप भी चांदी के जेवर, सिक्के या बर्तन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार में आई यह सुस्ती आपकी जेब को थोड़ी राहत जरूर दे सकती है।
वायदा बाजार पर दिनभर चले उतार-चढ़ाव के बाद अचानक बिकवाली का दौर शुरू हुआ। पिछले दिन के मुकाबले चांदी करीब 1.38 प्रतिशत तक टूटकर सीधे 1,90,720 रुपये के निचले स्तर तक आ गई। हालांकि दिन के कारोबार में चांदी 1,93,912 रुपये के ऊंचे स्तर तक भी गई थी, लेकिन दिन ढलते-ढलते कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज हुई और यह 1.91 लाख रुपये प्रति किलो के दायरे में आ गई। वहीं सोने की बात करें तो यह भी 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास टिका रहा।
बाजार के जानकारों का कहना है कि यह पूरा खेल सात समंदर पार अमेरिका से शुरू हुआ है। अमेरिकी सेंट्रल बैंक द्वारा ब्याज दरों को लेकर लिए गए फैसलों और अंतरराष्ट्रीय बाजार में मची हलचल के कारण सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना है। ग्लोबल मार्केट में सोना 4050 डॉलर और चांदी 43 डॉलर प्रति औंस के आसपास पहुंच गए, जिसका सीधा असर भारत के बाजारों पर दिखा।
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी सोने-चांदी के दामों में ऐसा ही उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, क्योंकि अमेरिका, यूरोप और जापान के केंद्रीय बैंकों के आगामी फैसलों पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। फिलहाल, चांदी के दामों में आई इस ताजा गिरावट से उन भारतीय परिवारों के चेहरे खिल गए हैं जो शादियों की खरीदारी के लिए सही मौके का इंतजार कर रहे थे।

















