मैहर, प्रशांत शुक्ला। ग्राम जरियारी मोड़ से बुढ़ेआ और जरियारी तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति और जर्जर पुलिया को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों और बारिश के दौरान संभावित दुर्घटना की आशंका को लेकर SDM मैहर को लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय रहते समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।


अब जरियारी की पुलिया की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत करा दी जाती तो मौजूदा स्थिति से बचा जा सकता था।


मौके की तस्वीरें पुलिया की जर्जर हालत को साफ बयां कर रही हैं। एक ओर ग्रामीणों द्वारा पहले ही प्रशासन को लिखित शिकायत देकर खतरे से अवगत कराया गया था, वहीं दूसरी ओर अब पुलिया की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।


ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब प्रशासन को पहले ही संभावित खतरे की जानकारी लिखित रूप में दे दी गई थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई? क्या शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया या फिर जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से लापरवाही बरती गई?


अब ग्रामीणों की नजर मैहर कलेक्टर की कार्रवाई पर है। सवाल यह भी है कि क्या प्रशासन जिम्मेदारी तय करते हुए पुलिया की तत्काल मरम्मत कराएगा और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करेगा, या मामला एक बार फिर जांच और आश्वासन तक ही सीमित रह जाएगा।


फिलहाल जरियारी की जर्जर पुलिया ने मैहर की प्रशासनिक व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों को अब जल्द कार्रवाई का इंतजार है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले पुलिया को सुरक्षित कराया जा सके।