अमरपाटन, नरेन्द्र पटेल। अमरपाटन में पुलिस ने महिला के बैग से लाखों रुपये के सोने के जेवरात चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में की गई, जिसमें थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह परस्ते एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को साधना तिवारी निवासी ग्राम कठहा थाना अमरपाटन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को वे रीवा से निजी बस के माध्यम से अपने गांव लौट रही थीं। कठहा मोड़ पर उतरने के बाद उन्होंने गांव जाने के लिए एक ऑटो लिया, जिसमें पहले से दो महिलाएं सवार थीं।
रास्ते में धमना गांव के पास ऑटो चालक ने फोन आने का बहाना बनाकर उन्हें बीच रास्ते में उतार दिया। बाद में दूसरे ऑटो से घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके बैग की चैन खुली हुई थी और उसमें रखे सोने के जेवरात तथा 5000 रुपये नकद गायब थे।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर ऑटो चालक और उसमें सवार दो महिलाओं से पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

