छतरपुर, सुबोध त्रिपाठी। जिले में शराब कारोबार से जुड़ी बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनगर, खजुराहो, बमीठा की दो दुकानें, गंज बसारी, चंद्रनगर, टौरिया टेक, शहर की आठ दुकानें, गठेवरा, सरानी सहित कुल लगभग 20 शराब दुकानों का करीब 120 करोड़ रुपये का सरेंडर किया गया है।


जानकारी के मुताबिक जिला प्रशासन ने छत्रसाल बेवरेज और भोले विश्वनाथ एसोसिएट का लाइसेंस निरस्त कर दिया है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद संबंधित शराब दुकानों का संचालन अब शासन द्वारा कराया जाएगा।


सूत्रों के अनुसार जिले में शराब कारोबार में सक्रिय और नवीन पाण्डेय और प्रवीण पाण्डेय के नाम से चर्चित कारोबारी समूह की कंपनी को इस घटनाक्रम से बड़ा आर्थिक झटका लगा है। बताया जा रहा है कि कंपनी की स्थिति कमजोर हुई है और कारोबार घाटे की स्थिति में पहुंच गया है।


हालांकि, जिला प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी और कार्रवाई के संबंध में विस्तृत आदेश की प्रतीक्षा है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले के शराब कारोबार में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।