सागर। सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के संवेदनशील मामले में शासन-प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बंडा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) यानी SDM और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) यानी SDOP दोनों को उनके पदों से हटा दिया गया है। इस संबंध में गृह विभाग और जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।


गृह विभाग मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, बंडा SDOP प्रदीप वाल्मीकि को पद से हटाते हुए उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय भोपाल स्थानांतरित किया गया है। उनके स्थान पर पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ उप पुलिस अधीक्षक रोहित लखारे को बंडा का नया SDOP नियुक्त किया गया है।


इसी क्रम में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट सागर द्वारा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए बंडा SDM (संयुक्त कलेक्टर) श्रीमती आरती यादव को पद से हटाकर कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर में पदस्थ किया गया है। उनके स्थान पर कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा का नया अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नियुक्त करते हुए उन्हें शाहगढ़ अनुविभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। यह प्रशासनिक कार्रवाई घटना की निष्पक्ष जांच और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।