कटनी, सुमित पाण्डेय। रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कटनी जीआरपी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए राज्य स्तरीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 लाख 30 हजार 848 रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं।


एसपी रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन तथा एडिशनल एसपी रेल भावना मरावी एवं डीएसपी रेल विजय गोठरिया के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शरद उर्फ गोलू झारिया, अमित सिंह खंगार, सौरभ कुशवाहा, राहुल ठाकुर और हर्ष खंगार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी शातिर अपराधी हैं तथा मुख्य आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मौजूद है।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने का हार, तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, दो सोने की अंगूठियां तथा एक सोने की बाली बरामद की है। बरामद जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 10,30,848 रुपये बताई गई है।


इस मामले में थाना रेल पुलिस कटनी में अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत धारा 304(2), 305(सी) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 679/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।


पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल मरावी सहित जीआरपी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्कृष्ट कार्य के लिए एसपी रेल ने पूरी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।