पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अमानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बहरबार के पास दो चार पहिया वाहनों के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। देर रात हुई इस आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक 7 वर्षीय बच्ची ने इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके पिता सहित दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
किशनगढ़ से जिला अस्पताल रेफर करते समय बच्ची ने तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमानगंज के तारा गांव निवासी मंगल आदिवासी अपने परिवार के साथ देर रात चार पहिया वाहन से गडरा जा रहे थे। इसी दौरान बहरबार के पास सामने से आ रही एक अन्य चार पहिया गाड़ी से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को तत्काल किशनगढ़ अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। हालांकि, पन्ना ले जाते समय रास्ते में ही 7 वर्षीय मासूम बच्ची रजनी आदिवासी (पिता मंगल आदिवासी, निवासी ग्राम तारा) ने दम तोड़ दिया।
घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी, पोस्टमार्टम में जुटी पुलिस
हादसे में बच्ची के पिता मंगल आदिवासी और एक अन्य परिजन पार्वती गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका जिला अस्पताल पन्ना में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। बच्ची के शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।




