हैदराबाद, रोहित पाठक। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोमवार को हैदराबाद दौरे के समापन से पहले चारमीनार स्थित प्राचीन श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर में पहुंचकर माँ भाग्यलक्ष्मी के दर्शन किए और देश, धर्म एवं समाज के कल्याण की प्रार्थना की। उनके मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां एकत्र हो गए। मंदिर समिति और पुजारियों ने माता की चुनरी एवं पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया।
मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. शास्त्री ने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भव्य रामलला मंदिर का निर्माण हुआ है, उसी तर्ज पर हैदराबाद में भी श्री भाग्यलक्ष्मी मंदिर का भव्य निर्माण होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में यह संकल्प भी अवश्य पूरा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही दोबारा हैदराबाद आएंगे और यहां श्री हनुमंत कथा का आयोजन करेंगे।
बागेश्वर महाराज के आगमन के दौरान चारमीनार क्षेत्र जय श्री राम और जय बागेश्वर बालाजी के जयघोष से गूंज उठा। उन्होंने वाहन पर खड़े होकर श्रद्धालुओं का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और उनके साथ धार्मिक उद्घोष लगाए। इस दौरान कई महिलाओं ने उन्हें स्नेहपूर्वक राखी भी बांधी, जिसे उन्होंने आत्मीयता से स्वीकार किया।
हैदराबाद में आयोजित तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा एवं दिव्य दरबार के सफल समापन के बाद यह दर्शन कार्यक्रम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर हैदराबाद के विधायक टाइगर राजा, मंदिर समिति के पदाधिकारी तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




