छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले में गौशालाओं की कथित बदहाल व्यवस्था और गौवंश की लगातार हो रही मौतों के विरोध में गुरुवार को बजरंग दल ने नगर निगम और पशु चिकित्सा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज लेकर सड़कों पर उतरे और नारेबाजी करते हुए पहले नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। इसके बाद प्रदर्शनकारी पशु चिकित्सा विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।


प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रदर्शनकारियों ने पशु चिकित्सा विभाग कार्यालय के मुख्य गेट पर विरोध जताया और कुछ कार्यकर्ता धक्का देकर परिसर के अंदर पहुंच गए। बाद में सभी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गौशालाओं की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की।


बजरंग दल का आरोप है कि जिले की कई गौशालाओं में पर्याप्त देखरेख, चारा, पानी और चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में गौवंश की लगातार मौतें हो रही हैं। संगठन का कहना है कि कई बार शिकायतें और सूचना देने के बावजूद संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते और शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं करते। कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के कुछ अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं, जिससे व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।


प्रदर्शन के दौरान संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गौशालाओं की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं किया गया और गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हुई तो जिलेभर में चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।