मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। श्री बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिवस के पावन अवसर पर मंदसौर जिले के संजीत गांव में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ भव्य आयोजन किया गया। बस स्टैंड स्थित श्री खेड़ापति वीर बालाजी मंदिर में शाम 6 बजे महाआरती एवं महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।


श्री बागेश्वर धाम शिष्य मंडल संजीत एवं श्री खेड़ापति वीर बालाजी मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पुष्पों से सजाया गया। पूरे आयोजन में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान बालाजी के जयकारों के साथ बागेश्वर धाम सरकार का जन्मोत्सव हर्षोल्लासपूर्वक मनाया।


महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री खेड़ापति वीर बालाजी महाराज का पूजन-अर्चन कर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर जनकल्याण के कार्यों के लिए मंगलकामना की। इस अवसर पर भक्तों ने दान, ध्यान एवं पुण्य कार्य कर जन्मदिवस को सेवा और श्रद्धा के भाव से मनाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसादी का वितरण किया गया।