छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा शहर के महिला थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंडीपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 7 वर्षीय एक नाबालिग बच्ची के साथ 'बैड टच' (छेड़छाड़) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 9, 10 और 11 वर्ष की उम्र के सात नाबालिग बच्चों को हिरासत में ले लिया है।
घटना सोमवार 29 जून को हुई। पीड़ित बच्ची अपने घर के पास चल रहे एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के दौरान कुछ नाबालिग बच्चे उसे बहला-फुसलाकर पास ही स्थित एक मकान के पीछे सुनसान जगह पर ले गए। वहां आरोपियों ने कथित तौर पर बच्ची के साथ छेड़छाड़ की।
घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी हालत में घर पहुंची और रोते हुए परिजनों को पूरी घटना बताई। परिवार ने तुरंत महिला थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला थाना प्रभारी अरुणा वहाने ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामले को गंभीरता से लिया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को राउंडअप कर लिया। पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी बच्चों पर किन धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आगे जांच जारी रखते हुए कहा है कि बच्चों की उम्र को ध्यान में रखकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस मामले में पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।




