मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते चंबल, कुंवारी और सोन नदियां उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई गांवों में पानी घरों तक पहुंच गया है, जबकि दर्जनभर से ज्यादा गांवों का आसपास के क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित हुआ है। नदी-नालों के रपटों पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद लोग जोखिम उठाकर आवागमन करते नजर आ रहे हैं।
ब्रजगढ़ी-कैलारस मार्ग पर रपटे पर 4 फीट पानी
ब्रजगढ़ी-कैलारस मार्ग पर खेड़ा जापथाप के पास बने रपटे पर करीब चार फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के कारण यहां आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है। इसके बावजूद लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रकों को पानी के बीच से निकालते दिखाई दिए। इसी दौरान एक बाइक सवार ने भी रपटा पार करने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के बीच बाइक फंस गई। गनीमत रही कि समय रहते बाइक सवार सुरक्षित निकल गया और बड़ा हादसा टल गया।
सोन नदी के उफान से गांवों का संपर्क कटा
सोन नदी में बढ़े जलस्तर के कारण रीझोनी और ब्रह्म बाजना गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। नदी के तेज बहाव के चलते ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर लोगों को नदी और रपटों के तेज बहाव के बीच जाने से बचने की सलाह दी जा रही है।
कुंवारी नदी के रपटे भी डूबे, फसलों पर संकट
कुंवारी नदी में उफान आने से बागचीनी-एरोली और भटपुरा के रपटे भी पानी में डूब गए हैं। इससे इन क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने के साथ खेतों में खड़ी फसलों पर भी संकट बढ़ गया है। लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
बारिश के कारण जिले के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों पर पानी आने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। प्रशासन और स्थानीय अमला हालात पर नजर बनाए हुए है।




