गुनौर, जीतेन्द्र रजक। लगातार हो रही बारिश के कारण ग्राम ढुरौहाँ निवासी देवेंद्र कुमार शुक्ला के मकान को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिलने पर गुनौर विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। विधायक ने परिवार को इस संकट की घड़ी में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मामले में विधायक डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने 6 सितंबर 2026 को कलेक्टर पन्ना को पत्र भेजकर विधायक स्वेच्छानुदान मद से 10 हजार की राशि प्रदान करने की अनुशंसा की है। पत्र में ढुरौहाँ निवासी देवेंद्र कुमार शुक्ला, पिता रामप्रसाद शुक्ला के लिए सहायता राशि दिए जाने का उल्लेख किया गया है।
वहीं, तहसीलदार अमानगंज द्वारा जारी आदेश में प्राकृतिक आपदा से मकान क्षति के प्रकरण में 25 हजार की राहत राशि स्वीकृत की गई है। आदेश में घटना की तारीख 3 सितंबर 2026 दर्ज है। स्वीकृत राहत राशि पीड़ित देवेंद्र कुमार शुक्ला के बैंक खाते में अंतरित किए जाने की प्रक्रिया भी आदेश में दर्शाई गई है।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर शासन स्तर से मिलने वाली सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण परिवार के सामने उत्पन्न हुई परेशानी में प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं और नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस मामले में सामने आए दोनों सरकारी पत्रों से स्पष्ट है कि पीड़ित परिवार के लिए विधायक स्वेच्छानुदान से 10 हजार की सहायता की अनुशंसा की गई है, जबकि मकान क्षति के लिए तहसील स्तर से 25 हजार की राहत राशि स्वीकृत की गई है।




