छतरपुर/ईशानगर, शिवाकांत मिश्रा। रामराजा चौराहे पर रविवार को स्वर्गीय डॉ. राजेंद्र सिंह परमार की पुण्यस्मृति में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डॉ. राजेंद्र सिंह परमार के पुत्र डॉ. राहुल परमार के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में बिजावर विधायक राजेश ‘बबलू’ शुक्ला और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ‘गुड्डू भैया’ प्रमुख रूप से मौजूद रहे। दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ आयोजन शाम 7 बजे तक चला। बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में अलग-अलग ऊंचाई पर चार मटकियां बांधी गई थीं, जिन पर क्रमश: 2500, 5000, 7500 और 11 हजार रुपए के नगद पुरस्कार रखे गए थे। प्रतियोगिता में कुल सात टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें पांचाल टीम, सुमित यादव पठादा, जय सिंह छतरपुर, पूरन राजपूत रामपुर, महेश अहिरवार ईशानगर, भरत बहिलिया पठादा और राजेश यादव नन्ही बंधी की टीमें शामिल रहीं।
तीन मटकियां फोड़कर भरत बहिलिया पठादा टीम ने मारी बाजी
प्रतियोगिता में भरत बहिलिया पठादा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन मटकियां फोड़कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। टीम ने 2500, 5000 और 7500 रुपए वाली मटकियों को फोड़ने में सफलता हासिल की। वहीं सबसे ऊंचाई पर बांधी गई 11 हजार रुपए की मटकी को कोई भी टीम निर्धारित समय में नहीं फोड़ सकी। विजेता टीम को विधायक राजेश ‘बबलू’ शुक्ला ने नगद पुरस्कार के साथ शील्ड और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
बारिश के बीच भी जुटी हजारों की भीड़
प्रतियोगिता के दौरान रुक-रुककर बारिश होती रही, लेकिन इसका असर दर्शकों के उत्साह पर नहीं पड़ा। रामराजा चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग डटे रहे। महिलाओं और युवाओं ने भी प्रतियोगिता का जमकर आनंद लिया और मटकी फोड़ने वाली टीमों का उत्साहवर्धन किया। करीब छह घंटे तक चले आयोजन के दौरान मटकी फोड़ने को लेकर लगातार रोमांच बना रहा।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए ईशानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली तथा पूरे आयोजन के दौरान मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्था बनाए रखी।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी संगठन से जुड़े गुरु प्रसाद अवस्थी, जीतेन्द्र सिंह दत्त चतुर्वेदी, विनय पटैरिया, रवि त्रिपाठी, दीपू राजा, आशीष असाटी, मोनू जड़ी-बूटी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।




